The seventh Madhya Pradesh Travel Mart (MPTM 2026) in Bhopal brings together travel operators and hoteliers, emphasising international outreach, modern pavilion displays, and experiential rural tourism at Panchwati village. The event underlines MP’s commitment to expanding tourism and hospitality through collaborations and cultural showcases.
India
-Oneindia Staff
भोपाल। मध्यप्रदेश में पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से ‘मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट 2026’ (MPTM 2026) के सातवें संस्करण का भव्य आयोजन कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में किया जा रहा है। कार्यक्रम के दूसरे दिन प्रदर्शनी (एग्जिबिशन) का औपचारिक शुभारंभ मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल और केंद्रीय पर्यटन सचिव भुवनेश कुमार द्वारा किया गया।

इस अवसर पर मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने कहा कि राज्य में पर्यटन का निरंतर विस्तार हो रहा है और पर्यटकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्थानीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर व्यापार को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि मध्यप्रदेश की पर्यटन और आतिथ्य अर्थव्यवस्था को विश्व पटल पर एक नई पहचान मिल सके। यह प्रदर्शनी टूर ऑपरेटर्स, होटल व्यवसायियों और होमस्टे संचालकों को एक साझा वैश्विक मंच प्रदान करती है।
The seventh Madhya Pradesh Travel Mart (MPTM 2026) in Bhopal brings together travel operators and hoteliers, emphasising international outreach, modern pavilion displays, and experiential rural tourism at Panchwati village. The event underlines MP’s commitment to expanding tourism and hospitality through collaborations and cultural showcases.
प्रदर्शनी के दौरान मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने विभिन्न स्टॉल्स का अवलोकन किया और देश-विदेश से आए ट्रैवल-टूर ऑपरेटर्स व होटल व्यवसायियों से सीधा संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने हितधारकों के साथ व्यावसायिक पैकेजेस और भावी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। मुख्य सचिव ने कहा कि टूर ऑपरेटर्स और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के प्रतिनिधि प्रदेश के पर्यटन ब्रांड एंबेसडर की तरह हैं, जिन्हें राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, वन्यजीव विविधता और अनूठे ग्रामीण पर्यटन को दुनिया के सामने प्रभावी ढंग से पेश करना चाहिए। इस वर्ष ट्रैवल मार्ट में 177 ट्रैवल और हॉस्पिटैलिटी स्टॉल लगाए गए हैं, जो राज्य के पर्यटन क्षेत्र को एक बड़ा आधार प्रदान कर रहे हैं।
पवेलियन में दिखा आधुनिकता और परंपरा का संगम
मध्यप्रदेश के विशेष पवेलियन में राज्य के प्रमुख किलों, वन्यजीव अभयारण्यों और प्राकृतिक स्थलों को बड़ी डिस्प्ले स्क्रीन्स के माध्यम से जीवंत रूप से प्रदर्शित किया गया है। साथ ही, अत्याधुनिक तकनीक से लैस इंटरैक्टिव कियोस्क (Interactive Kiosks) और AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित पहलों के जरिए आगंतुक अपनी पसंद के अनुसार पर्यटन स्थलों की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।
पर्यटन ग्राम ‘पंचवटी’ बना आकर्षण का केंद्र
मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा संचालित ग्रामीण पर्यटन कार्यक्रम को जीवंत रूप देने के लिए परिसर में प्रतिकृति के रूप में ‘पर्यटन ग्राम पंचवटी’ तैयार किया गया है। यहाँ आने वाले आगंतुकों के लिए होमस्टे का प्रामाणिक अनुभव, स्टारगेजिंग, बैलगाड़ी की सवारी, साइकलिंग, जनजातीय लोक नृत्य, पारंपरिक वाद्ययंत्रों की प्रस्तुतियाँ, तीरंदाजी और हस्तकला की प्रदर्शनियाँ आयोजित की जा रही हैं। गोंड पेंटिंग, प्राकृतिक झरने और जनजातीय जीवनशैली का सजीव चित्रांकन इस आयोजन का मुख्य आकर्षण बना हुआ है।
इसके अलावा, मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध हस्तशिल्प और हथकरघा (हैंडलूम) जैसे बाघ प्रिंट, चंदेरी साड़ियां, भील आर्ट, भैरवा क्राफ्ट और बाटिक प्रिंट के विशेष स्टॉल भी लगाए गए हैं, जो स्थानीय शिल्पकारों को वैश्विक मंच प्रदान कर रहे हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी
कार्यक्रम के दौरान पर्यटन सचिव एवं मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी., मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (MPSTDC) के प्रबंध संचालक दिलीप कुमार यादव, पर्यटन बोर्ड के अपर प्रबंध संचालक डॉ. अभय अरविंद बेडेकर, फिक्की मध्यप्रदेश के चेयरमैन महेंद्र प्रताप सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और ट्रैवल इंडस्ट्री के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
